Saturday, December 27, 2008

नगरीय विकास मंत्री ने की नगरीय निकायों के काम-काज की समीक्षा

नगरीय विकास मंत्री श्री राजेश मूणत ने प्रदेश के नगरीय निकायों में संचालित नगर विकास की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का आव्हान किया है। श्री मूणत आज यहां प्रदेश के नगर निगम आयुक्तों एवं नगरपालिका तथा नगर पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी विकास योजनाओं को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्री मूणत ने शहरों की सुन्दरता में बाधक अवैध कब्जों को हटाने तथा कॉलोनियों में होने वाले अवैध निर्माण पर रोक लगाने पर जोर दिया।

नगरीय विकास मंत्री श्री राजेश मूणत ने आज यहां प्रदेश के सभी नगरीय निकायों मे संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने नगर निगम आयुक्तों, नगरपालिका एवं नगर पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से कहा कि सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। इसकी जिम्मेदारी आयुक्तों तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की होगी। उन्होंने नगरीय निकायों की आर्थिक सुदृढ़ता हेतु राजस्व वृध्दि के प्रयास करने पर जोर दिया तथा इसके लिए संचालनालय स्तर पर लक्ष्य निर्धारित कर शत्-प्रतिशत राजस्व प्राप्ति हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नगरीय निकायों के लिए विजन प्लान बनाकर कार्य किया जाए। श्री मूणत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय निकायों में संचालित योजनाओं में व्यक्तिगत रूचि लेकर सतत् निगरानी करें तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

श्री मूणत ने शहरों की सुंदरता में बाधक अवैध कब्जों को हटाने तथा कॉलोनियों एवं बड़े काम्प्लेक्सों में किए जाने वाले अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए कहा। उन्होंने सभी शॉपिंग काम्प्लेक्स में पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्तों एवं नगरपालिका के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से कहा कि वे आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए समय निर्धारित कर उसे सार्वजनिक करें तथा उस वक्त अपनी उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता लाने तथा विभागीय स्टॉफ पर नियंत्रण रखने के भी निर्देश दिए। बैठक में सचिव नगरीय प्रशासन श्री सी.के. खेतान एवं अपर संचालक श्री हेमंत पहारे सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

No comments: