Saturday, December 27, 2008

खेती-किसानी का विकास किसानों का अधिकार : डॉ. रमन सिंह

धान पर 270 रूपए प्रति क्विंटल बोनस देने के निर्णय पर किसानों ने किया मुख्यमंत्री का भव्य अभिनन्दन
एक हजार 120 रूपए प्रति क्विंटल दर से धान खरीदने वाला छत्तीसगढ़ देश का एक मात्र राज्य : कृषि मंत्री श्री साह
रायपुर, 27 दिसम्बर 2008 मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाए जा रहे विकास कार्य और खेती-किसानी से संबंधित हर योजना वास्तव में छत्तीसगढ़ के मेहनतकश किसानों का अधिकार है। राज्य सरकार ने अपनी कर्त्तव्य भावना से उन्हें जो कुछ भी दिया है वह तो उनका हक है और उन्हें अपना यह अधिकार मिलने पर किसी के स्वागत या अभिनन्दन की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान खुशहाल होंगे, तभी राज्य का सही मायने में विकास हो सकेगा। डॉ. सिंह आज राजधानी रायपुर स्थित शहीद स्मारक भवन में आयोजित अभिनन्दन समारोह में राज्य भर से आए किसानों को सम्बोधित कर रहे थे। समारोह में मुख्यमंत्री सहित कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू को 12 जिलों के किसानों ने अभिनन्दन पत्र सौंप कर धान पर 270 रूपए प्रति क्विंटल बोनस देने के निर्णय के लिए उनको धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने भी अपने उद्बोधन में इस अभिनन्दन के लिए राज्य सरकार की तरफ से प्रदेश के सभी किसानों का आभार व्यक्त किया। समारोह का आयोजन छत्तीसगढ़ कृषक बिरादरी एवं छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ एग्रीकल्चर रायपुर द्वारा किया गया था।

डॉ. रमन सिंह ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य में खेती-किसानी के विकास के लिए कभी भी पैसे की कमी नहीं होने दी जाएगी। राज्य सरकार अपने संसाधनों से किसानों और कृषि के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसके लिए पिछले कार्यकाल में कई काम किए गए हैं और जो शेष रह गए हैं, उन्हें इस कार्यकाल में पूरा किया जाएगा। डॉ. सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केन्द्र सरकार के लिए धान खरीदी करने का एक जरिया मात्र है। राज्य सरकार किसानों से धान खरीद कर उसका अधिकांश भाग भारतीय खाद्य निगम के माध्यम से केन्द्र के पूल में भेज देती है। केन्द्र के पूल में धान देने के मामले में छत्तीसगढ़ के किसान पूरे देश में तीसरे-चौथे स्थान पर हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य एक हजार रूपए किए जाने की मांग न मानने पर ही राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से प्रदेश के किसानों को धान का 270 रूपए प्रति क्विंटल बोनस की घोषणा कर किसानों की खुशहाली के लिए अपनी प्रतिबध्दता जाहिर कर दी है। राज्य सरकार किसानों के विकास और कृषि क्षेत्र में स्वावलंबन प्राप्त करने की दीर्घकालीन योजना पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों से खेती के साथ-साथ उसके सहायक धन्धों जैसे सब्जी उत्पादन, मछली पालन आदि को अपना कर अधिक से अधिक लाभ कमाने की भी अपील की।

कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार अपने संकल्प पत्र के प्रत्येक बिन्दु को लागू करने के लिए प्रतिबध्द है और किसानों को धान पर 270 रूपए प्रति क्विटल बोनस घोषित कर इसकी शुरूआत कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि 20 अक्टूबर और उसके बाद खरीदे गए धान पर यह बोनस किसानों को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेती की अपार संभावनाएं हैं और छत्तीसगढ़ी किसानों की कई देशी तकनीके भी उत्पादन बढ़ाने में सहायक हो सकती है। श्री साहू ने किसानों से सिंचित रकबे में उद्यानिकी फसलों को अनिवार्यत: लगाने की भी अपील की। उन्होंने किसानों के लिए बिना ब्याज के कृषि ऋण उपलब्ध कराने की सरकार की मंशा की भी जानकारी दी। कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही खेती किसानी के लिए मिलने वाले कर्ज पर ब्याज दर घटाकर तीन प्रतिशत कर दी है और अब सरकार की योजना है कि किसान लिए गए कर्ज का केवल मुलधन ही वापस करे। इसकी शुरूआत भी डॉ. रमन सिंह ने डेयरी व्यवसाय के लिए दूध उत्पादक किसानों को तीन प्रतिशत ब्याज पर ऋण देने की घोषणा से कर दी है।

अभिनन्दन समारोह में जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष श्री अशोक बजाज, मार्कफेड के अध्यक्ष श्री राधेश्याम गुप्ता, पूर्व विधायक श्री चंदूलाल साहू, छत्तीसगढ़ कृषक बिरादरी के मुखिया श्री जय नारायण अग्रवाल सहित कृषि विशेषज्ञ डॉ. संकेत ठाकुर, श्री रजनीश अवस्थी, श्री चन्द्रहास चन्द्राकर और बड़ी संख्या में प्रदेश भर से आए किसान उपस्थित थे।

No comments: