Tuesday, November 11, 2008

अब तक 8.78 लाख क्विंटल से अधिक धान की आवक

83.10 करोड़ रूपए से अधिक राशि का भुगतान | छत्तीसगढ़ की प्राथमिक सहकारी समितियों के एक हजार 577 उपार्जन केन्द्रों में किसानों से अब तक समर्थन मूल्य पर लगभग आठ लाख 78 हजार क्विंटल धान की खरीदी कर किसानों को 83 करोड़ 10 लाख रूपये का भुगतान किया गया है। कल गुरूवार 06 नवम्बर को विभिन्न उपार्जन केन्द्रों में एक लाख 12 हजार 620 क्विंटल धान खरीदा गया। धान खरीदी का यह विशेष अभियान पिछले महीने की 20 तारीख से शुरू हुआ है।

 

       खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि धान खरीदी के लिए राज्य सहकारी विपणन संघ द्वारा प्रदेश के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों के माध्यम से अब तक प्राथमिक सहकारी समितियों को 108 करोड़ 55 लाख रूपए की अग्रिम राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। प्रदेश में किसानों से सामान्य अथवा कॉमन धान 850 रूपये और ग्रेड-ए का धान 880 रूपये प्रति क्विंटल के मूल्य पर खरीदा जा रहा है। इसके अलावा प्रति क्विंटल 50 रूपये का बोनस भी दिया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि विभाग द्वारा राज्य में प्राथमिक सहकारी समितियों के अलावा कृषि उपज मंडियों में हो रही धान खरीदी की निरन्तर समीक्षा की जा रही है। प्रदेश की कृषि उपज मंडियों में 20 अक्टूबर से 06 नवम्बर तक 13 लाख 03 हजार 290 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसे मिलाकर प्रदेश में किसानों से अब तक 21 लाख 81 हजार 910 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। धान खरीदी के साथ ही चावल की प्राप्ति शुरू हो गई है। कस्टम मिलिंग के लिए अब तक 34 हजार क्विंटल और लेव्ही के रूप में 45 हजार 720 क्विंटल चावल प्राप्त हुआ है। 

 

      अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक सहकारी समितियों के माध्यम से अब तक रायपुर जिले में सर्वाधिक दो लाख 48 हजार 750 क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई है। महासमुन्द जिले में दो लाख 14 हजार 480 क्विंटल, दुर्ग जिले में एक लाख 58 हजार 340 क्विंटल, धमतरी जिले में एक लाख 05 हजार क्विंटल, राजनांदगांव जिले में 57 हजार 210 क्विंटल और रायगढ़ जिले में 36 हजार 600 क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई है। बिलासपुर जिले में 31 हजार 180 क्विंटल, कबीरधाम जिले में 11 हजार 400 क्विंटल, जांजगीर-चांपा जिले में तीन हजार 210 क्विंटल सरगुजा जिले में तीन हजार 750 क्विंटल, जगदलपुर जिले में दो हजार 760 क्विंटल, जशपुर जिले में दो हजार क्विंटल, उत्तार बस्तर (कांकेर) जिले में एक हजार 750 क्विंटल, कोरबा जिले में एक हजार 400 क्विंटल और कोरिया जिले में 700 क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई है।

 

      रायपुर जिले में 14 हजार 876 किसानों को 23 करोड़ 37 लाख रूपए, महासमुंद जिले में आठ हजार 480 किसानों को 19 करोड़ 86 लाख रूपए, दुर्ग जिले में पांच हजार 213 किसानों को 14 करोड़ 63 लाख रूपए, धमतरी जिले में चार हजार 487 किसानों को 9 करोड़ 75 लाख रूपए और राजनांदगांव जिले में तीन हजार 256 किसानों को पांच करोड़ 33 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। बिलासपुर जिले में एक हजार 513 किसानों को दो करोड़ 95 लाख, रायगढ़ जिले में एक हजार 956 किसानों को चार करोड़ 58 लाख, कबीरधाम जिले में 751 किसानों को एक करोड़ 10 लाख रूपए, जगदलपुर जिले में 404 किसानों को 25 लाख 45 हजार रूपए, उत्तर बस्तर(कांकेर) जिले में 169 किसानों को 20 लाख 98 हजार रूपए, सरगुजा जिले में 122 किसानों को 34 लाख 86 हजार रूपए, जशपुर जिले में 85 किसानों को 20 लाख 10 हजार रूपए, कोरबा जिले में 77 किसानों को 12 लाख 87 हजार रूपए और कोरिया जिले में 18 किसानों को छह लाख 59 हजार रूपए से अधिक राशि का भुगतान दिया जा चुका है।

No comments: