Monday, October 6, 2008

एकीकृत छात्रवृत्तियों के लिए 31 अक्टूबर तक लिए जाएंगे आवेदन

रायपुर, 06 अक्टूबर  2008 - 2008-09 के चालू शिक्षा सत्र में एकीकृत छात्रवृत्तियां तथा शिक्षकों के बालकों को दी जाने वाली राष्ट्रीय छात्रवृत्ति के तहत विद्यार्थियों से 31 अक्टूबर 2008 तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए हैं। एम.फिल, स्नातक, स्नातकोत्तर, खेल-कूद एवं संस्कृत सहित यह छात्रवृत्तियां विभिन्न सात वर्गों में उच्च शिक्षा पाने वाले 196 विद्यार्थियों के दी जाएंगी। विभाग द्वारा इन छात्रवृत्तियों के लिए आवेदन पत्र संबंधित महाविद्यालयों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभ्यर्थियों द्वारा पूर्णता भरे हुए आवेदन पत्र संस्था प्रमुख के माध्यम से उच्च शिक्षा संचालनालय, रायपुर को 31 अक्टूबर 2008 तक प्राप्त हो जाने चाहिए।
 
      उच्च शिक्षा विभाग के छात्रवृत्ति प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य शासन की एकीकृत छात्रवृत्ति के तहत शोध करने सात छात्रों को तीन वर्ष तक प्रति माह 600 रूपए छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसमें विज्ञान समूह के तीन, मानविकी समूह की तीन तथा वाणिज्य समूह के एक विद्यार्थी को शामिल किया जाएगा। एम.फिल पाठयक्रम के लिए विज्ञान समूह के तीन, मानविकी समूह के दो तथा वाणिज्य समूह के एक विद्यार्थी को दस महीने तक 300 रूपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति मिलेगी। स्नातकोत्तर योग्यता छात्रवृत्ति के तहत 20 माह तक 27 छात्र-छात्राओं को 250 रूपए प्रतिमाह की दर से छात्रवृत्ति दी जाएगी। स्नातकोत्तर योग्यता छात्रवृत्ति के तहत विज्ञान समूह के 14, मानविकी समूह के 9 तथा वाणिज्य समूह के 4 विद्यार्थियों को यह छात्रवृति मिलेगी। राज्य शासन द्वारा स्नातकोत्तर योग्यता सह साधन शिष्यावृत्ति के तहत विज्ञान समूह के 14, मानविकी समूह के 9 तथा वाणिज्य समूह के 4 छात्र-छात्राओं को 20 माह तक 250 रूपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी। खेल-कूद छात्रवृत्ति योजना के तहत चार छात्र एवं चार छात्राओं को दस माह तक छात्रवृत्ति मिलेगी। इस छात्रवृत्ति के लिए आवेदन पत्र संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य सीधे विश्वविद्यालय को प्रेषित करेंगे। खेल-कूद छात्रवृत्ति ऐसे छात्र-छात्राओं को ही दी जा सकेगी, जो छत्तीसगढ़ की स्कूल टीम में राष्ट्रीय खेल दल में शामिल रहे हो या जो प्रदेश के वयस्क टीम में शामिल रहे हों। प्रदेश स्तर की खेल-कूद प्रतियोगिताओं में पहले तीन स्थानों पर रहने वाले छात्र-छात्राओं को भी खेल-कूद छात्रवृत्ति के लिए पात्र माना जाएगा। खेल-कूद छात्रवृत्ति के तहत छात्रावासी विद्यार्थियों को पांच सौ रूपए प्रतिमाह तथा गैर छात्रावासी विद्यार्थियों को तीन सौ रूपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी।
 
      राज्य शासन द्वारा स्नातक योग्यता छात्रवृत्ति के रूप में प्रदेश के 54 विद्यार्थियों को तीस माह तक प्रतिमाह 150 रूपए की दर से छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाएगी। इस छात्रवृत्ति में विज्ञान समूह के 27, मानविकी समूह के 19 तथा वाणिज्य समूह के 8 विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता मिलेगी। स्नातक योग्यता सह साधन शिष्यावृत्ति योजना के तहत विज्ञान समूह के 27, मानविकी समूह के 19 तथा वाणिज्य समूह के 8 छात्र-छात्राओं को तीस माह तक 150 रूपए हर महीने छात्रवृत्ति दी जाएगी।
 
      राज्य शासन द्वारा फिल्म एवं दूरदर्शन संस्थान, पूणे में अध्ययन करने वाले छत्तीसगढ़ के एक विद्यार्थी को तीन वर्ष तक हर महीने छह सौ रूपए की दर से छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसी प्रकार नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय में अध्ययनरत छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी को दो वर्ष के लिए तथा राष्ट्रीय नाटय विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी को तीन वर्ष के लिए छह सौ रूपए प्रतिमाह की दर से छात्रवृत्ति दी जाएगी। राज्य शासन द्वारा संस्कृत के प्राच्य पध्दति के महाविद्यालयों के छात्रों को स्नातकोत्तर, आचार्य तथा स्नातक स्तर की छात्रवृत्तियां दी जाएंगी। संस्कृत विषय में स्नातकोत्तर पाठयक्रम तथा आचार्य पाठयक्रम के लिए तीन-तीन विद्यार्थियों को बीस-बीस माह तक 250 रूपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति के रूप में दिए जाएंगे। संस्कृति विषय में स्नातक पाठयक्रमों के लिए चार विद्यार्थियों को तीस माह तक 250 रूपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति मिलेगी।
 
      राज्य शासन द्वारा इन छात्रवृत्तियों के लिए एकीकृत छात्रवृत्ति पुनरीक्षित नियम के अनुसार छात्र-छात्राओं के माता-पिता एवं स्वयं की वार्षिक आय सीमा 24 हजार रूपए वार्षिक निर्धारित की गई है। एकीकृत छात्रवृत्तियों के लिएि आय की गणना कर आवेदन पत्र के साथ संबंधित संस्था प्रमुख द्वारा हस्ताक्षरित आय गणना पृथक से संलग्न करना अनिवार्य किया गया है। यदि किसी विद्यार्थी का चयन एक से अधिक छात्रवृत्ति के लिए हो जाता है तो ऐसी स्थिति में विद्यार्थी को उसकी इच्छानुसार एक ही छात्रवृत्ति प्राप्त करने का विकल्प भी राज्य शासन द्वारा घोषित किया गया है।

No comments: