Saturday, October 25, 2008

भारतीय चन्द्रयान का सफल प्रक्षेपण वैज्ञानिकों ने देश का गौरव बढ़ाया - डॉ. रमन सिंह

रायपुर, 22 अक्टूबर 2008 छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने चन्द्रमा के लिए आज श्रीहरिकोटा से भारत के प्रथम मानव रहित अंतरिक्ष यान के सफल प्रक्षेपण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने यहां जारी बधाई संदेश में कहा है कि यह हमारे वैज्ञानिकों की एक महान सफलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चन्द्रमा के लिए अंतरिक्ष यान भेजना भारतीय वैज्ञानिकों के लिए एक बड़ी चुनौती थी। उन्होंने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के जरिए इस चुनौती का सामना करते हुए उत्साहजनक सफलता हासिल की और देश का गौरव बढ़ाया। डॉ. सिंह ने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के जरिए हमारे प्रतिभावान वैज्ञानिकों ने यह साबित कर दिया है कि आधुनिक ज्ञान-विज्ञान में भारत किसी से भी पीछे नहीं है और निकट भविष्य में चन्द्रमा की धरती पर तिरंगा लहराकर देश अंतरिक्ष में अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराएगा।

No comments: